image

एसजेवीएन और पीएसएमआरआई ने अरुणाचल प्रदेश में मोबाइल मेडिकल यूनिट आरंभ करने हेतु भागीदारी की .

Fri, 31 Jan 2025
img

एसजेवीएन ने अपने रजिस्टर्ड ट्रस्ट एसजेवीएन फाउंडेशन के माध्यम से अरुणाचल प्रदेश में एसजेवीएन के परियोजना क्षेत्रों में नई मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) आरंभ करने के लिए पिरामल स्वास्थ्य प्रबंधन एवं अनुसंधान संस्थान (पीएसएमआरआई) के साथ भागीदारी की है।

निदेशक (कार्मिक) एवं एसजेवीएन फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री अजय कुमार शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में एसजेवीएन के महाप्रबंधक (सीएसआर) श्री अवधेश प्रसाद तथा पीएसएमआरआई हैदराबाद, के वरिष्ठ कार्यक्रम निदेशक श्री नितिन रत्नम रेब्बा ने एसजेवीएन कारपोरेट मुख्यालय, शिमला(हि.प्र.) में इस करार पर हस्ताक्षर किए।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए श्री अजय कुमार शर्मा ने कहा कि यह भागीदारी अरुणाचल प्रदेश के लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में एक अहम भूमिका निभाएगी  तथा दूरवर्ती स्थलों तक भी स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित होगी।

एसजेवीएन फाउंडेशन, एसजेवीएन का पंजीकृत ट्रस्ट है जो कंपनी की सीएसआर और सततशील  पहलों के प्रभावी एवं पारदर्शी कार्यान्वयन को सुनिश्चित करता है। आगामी महीनों में आरंभ होने वाली यह मोबाइल मेडिकल यूनिट सीमित मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर वाले क्षेत्रों में रहने वाले समुदायों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में एक महत्वपूर्ण संसाधन के रूप में कार्य करेगी। आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं से युक्‍त एमएमयू नि:शुल्‍क चिकित्सा परामर्श, नैदानिक ​​परीक्षण, दवाएं और आपातकालीन देखभाल आदि जैसी सेवाएं प्रदान करेगी।

यह पहल परियोजना क्षेत्रों के आसपास के ग्रामीण एवं दूरवर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवा संबंधी चुनौतियों का समाधान करने में एसजेवीएन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। एसजेवीएन और पीएसएमआरआई के मध्‍य भागीदारी अरुणाचल प्रदेश के स्थानीय लोगों के जीवन स्‍तर में सुधार एवं दीर्घकालिक स्वास्थ्य लाभ सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।