श्री सिपन कुमार गर्ग
निदेशक(वित्त)
निदेशक(वित्त)
श्री सिपन कुमार गर्ग दिनांक 17 अगस्त, 2024 से टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के निदेशक (वित्त) के रूप में कार्यरत हैं। इन्हें टीएचडीसी के बोर्ड द्वारा कंपनी का मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) और प्रमुख प्रबंधकीय कार्मिक (केएमपी) भी नियुक्त किया गया है। श्री गर्ग प्रतिष्ठित वित्त पेशेवर हैं, इन्होंने वाणिज्य में स्नातक (ऑनर्स) की डिग्री प्राप्त की हैं तथा इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (सीए), इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (सीएमए) तथा इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (सीएस) के सदस्य हैं। इसके अतिरिक्त, इन्होंने एलएलबी किया है और कंपनी सेक्रेटरी परीक्षा में रैंक धारक भी रहे हैं।
विद्युत क्षेत्र में वित्त, लेखा, कराधान और वाणिज्यिक आदि क्षेत्रों में 23 वर्षों से अधिक के व्यापक अनुभव एवं गहन विशेषज्ञता के साथ श्री गर्ग एसजेवीएन लिमिटेड में आए है। इन्होंने अपने पिछले कार्यकाल में अरावली पावर कंपनी प्राइवेट लिमिटेड और पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड, जो दोनों कंपनियां एनटीपीसी लिमिटेड की ग्रुप कंपनियां हैं, में मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) के रूप में कार्य किया है। एनटीपीसी लिमिटेड में कारपोरेट अकाउंट्स लेखा ग्रुप और कोलडेम हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में रणनीतिक भूमिकाओं सहित विभिन्न पदों पर भी योगदान दिया है।
एनटीपीसी में अपने कार्यकाल के दौरान श्री गर्ग ने अपने दृढ़ उत्तरदायित्व, नैतिकता और कंपनी के प्रति अटूट समर्पण के साथ अतुलनीय व्यावसायिक विकास का प्रदर्शन किया है। एक उत्कृष्ट वित्त पेशेवर के रूप में पहचाने जाने वाले श्री गर्ग ने एनटीपीसी में अपनी प्रत्येक भूमिका में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। वित्त क्षेत्र में इनके नेतृत्व में, अरावली पावर कंपनी प्राइवेट लिमिटेड को सर्वोच्च क्रेडिट रेटिंग प्राप्त हुई और दीर्घकालिक ऋणों पर ब्याज में उल्लेखनीय बचत हुई।
श्री गर्ग ने भारत और विदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों में आयोजित अनेक कार्यशालाओं और सेमिनारों में भाग लेकर अपनी विशेषज्ञता को बढ़ाया है। लेखा मानकों और भारतीय लेखा मानक पर एक अनुभवी वक्ता के रूप में, इन्होंने वर्षों से अपनी अंतर्दृष्टि व्यापक रूप से साझा की है। श्री गर्ग भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान की कई समितियों के सक्रिय सदस्य भी रहे हैं, जिनमें 'सार्वजनिक वित्त और सरकारी लेखा समिति', अकाउंटिंग स्टैंडर्ड्स स्टडी ग्रुप' एवं 'उद्योग समूह (पीएसयू) में सदस्यता" शामिल हैं।
इनके दूरदर्शी नेतृत्व को मान्यीकृत करते हुए, श्री गर्ग को राष्ट्रीय आर्थिक विकास शिखर सम्मेलन 2024 में भारत के दूरदर्शी सीएफओ के रूप में सम्मानित किया गया। इन्होंने टीएचडीसीआईएल के विकास में समर्पित योगदान और सीएमए व्यवसाय को आगे बढ़ाने के इनके प्रयासों के लिए आईसीएमएआई से प्रशंसा प्रमाण पत्र भी प्राप्त किया है।